• Breaking News

    जिला से राव मानसिंह के बाद नांगल सिरोही के संजय यादव जायेंगे राज्यसभा

    तेजस्वी यादव के साथ संजय यादव
    नारनौल, 16 फरवरी (हरियाणा न्यूज़ ब्यूरो)|

    आज़ादी के बाद जिला महेंद्रगढ़ से राज्यसभा सांसद बनने वाले राव मानसिंह अकेले व्यक्ति थे| लेकिन अब जिला के गाँव नांगल सिरोही निवासी संजय यादव भी राज्यसभा सांसद होंगे| उन्हें राष्ट्रीय जनता दल ने बिहार से अपना राज्यसभा प्रत्याशी बनाया है|

    संजय यादव को करीब से जानने वाले नीरपुर निवासी वरिष्ठ साहित्यकार और सामाजिक कार्यकर्ता रघुविन्द्र यादव ने बताया कि राष्ट्रीय जनता दल ने इस बार प्रोफेसर मनोज झा और संजय यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है| उन्होंने कल अपना नामांकन भर दिया है और संख्या बल के अनुसार उनकी जीत पक्की मानी जा रही है| खुद लालू यादव उनका नामांकन करवाने विधान सभा गये थे| उन्होंने बताया कि संजय यादव जिला महेंद्रगढ़ से राज्यसभा पहुँचने वाले दूसरे सांसद होंगे| इससे पहले पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के निधन के बाद जून, 2001 में हुए राज्यसभा उपचुनाव में इनेलो ने नीरपुर निवासी राव मानसिंह को अपना प्रत्याशी बनाकर राज्यसभा भेजा था|

    कौन हैं संजय यादव

    संजय यादव को अहीरवाल में बहुत कम लोग जानते, लेकिन बिहार में उनकी अच्छी पकड़ है| रघुविन्द्र यादव ने बताया कि साधारण किसान परिवार में पैदा हुए संजय यादव गाँव नांगल सिरोही निवासी प्रभाती लाल यादव के बेटे हैं| उन्होंने सेकेंडरी स्कूल तक की पढाई गाँव के ही सरकारी स्कूल से पूरी की और उसके बाद उन्होंने कंप्यूटर साइंस में एमएससी और एमबीए करके आईटी कंपनी ज्वाइन कर ली थी| दिल्ली में रहते हुए उनकी कॉमन दोस्तों के माध्यम से लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव से दोस्ती हो गई, जो उन दिनों क्रिकेट खेलते थे| वर्ष 2012 में लालू यादव के जेल चले जाने के बाद जब तेजस्वी क्रिकेट और दिल्ली छोड़कर बिहार जाने लगे तो दोस्त की मदद के लिए संजय भी नौकरी छोड़कर उनके साथ पटना चले गए|

    संजय यादव ने न केवल तेजस्वी यादव को भाषण देने की कला में माहिर बनने में मदद की बल्कि पार्टी को नए सिरे से खड़ी करने, युवाओं को जोड़ने और सोशल मीडिया पर मजबूत पकड़ बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई| तेजस्वी यादव, प्रो. मनोज झा और संजय यादव ने मिलकर आरजेडी को नया स्वरुप दिया| संजय यादव ने ही 2015 के चुनाव की रणनीति बनाई और पार्टी को सत्ता तक पहुँचाया| तेजस्वी के उप मुख्यमंत्री बनने पर वे सरकार में भी उनके राजनैतिक सलाहकार बने|

    विधानसभा के 2020 में हुए चुनाव में तेजस्वी यादव ने अकेले दम पर चुनाव प्रचार किया और दस लाख नौकरी देने का वादा किया, इसकी रणनीति भी संजय ने ही बनाई थी| जिसके दम पर आरजेडी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी| वे हमेशा तेजस्वी यादव के साथ साये की तरह रहते हैं| उनकी संगठन पर भी मजबूत पकड़ है| आरजेडी का सोशल मीडिया बहुत मजबूत है, जिसे खुद संजय यादव देखते हैं और उनकी टीम में मात्र चार-पाँच सदस्य है| इस बार पार्टी ने उन्हें भी प्रोफेसर मनोज झा के साथ राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है|

    Local News

    State News

    Education and Jobs